गाजियाबाद। वेव सिटी क्षेत्र के शाहपुर बम्हेटा में दुकान पर बैठे सराफ कृष्ण वर्मा पर एक युवक ने हथौड़े से हमला कर दिया। शोर सुनकर कृष्ण की मां और छोटे भाई की पत्नी आईं तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी भाग गया।
कृष्ण वर्मा का कहना है कि वह शाहपुर बम्हेटा गांव के रहने वाले हैं। आठ सितंबर को वह रोजाना की तरह दुकान पर बैठे थे। उसी दिन शाम करीब चार बजे उदल का बेटा मोनू उनकी दुकान पर आकर बैठ गया। आरोप है कि बात करते-करते अचानक से उसने हथौड़ा निकाला और उन पर हमला कर दिया। वह खुद को बचाते रहे, लेकिन वह जान से मारने की बात कहते हुए हथौड़े से वार करता रहा। आरोपी ने उनकी मां श्यामो और छोटे भाई की पत्नी ममता वर्मा पर भी हमला कर दिया। घटना में तीनों बुरी तरह घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के बाद उन्होंने वेव सिटी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी वेव सिटी का कहना है कि मामले में जांच कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।