गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की एमजीआई घरौंदा सोसायटी में बुधवार शाम बहन के घर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। उनके पहुंचने पर सोसायटी के लोगों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए। वह यहां 15-20 मिनट रहे और बहन से हालचाल जाना।
मुख्यमंत्री दोपहर में विशेष विमान से हिंडन एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से वह बुलंदशहर में बृहस्पतिवार को होने वाली पीएम नरेंद्र मोदी की रैली की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे। जायजा लेने के बाद देर शाम व हिंडन एयरपोर्ट वापस पहुंचे। यहां से वह विशेष सुरक्षा व्यवस्था के साथ करीब 6:30 बजे राजनगर एक्सटेंशन पहुंचे। यहां करीब 15-20 मिनट तक बहन का हाल-चाल जाना और बहनोई राजेंद्र सिंह को श्रद्धांजलि दी। पिछले साल चार जनवरी को राजेंद्र सिंह की बीमारी की वजह से मृत्यु हो गई थी। मृत्यु के उपरांत वह श्रद्धांजलि देने आए थे।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक चौबंद
मुख्यमंत्री के सोसायटी में जाने की सूचना पर सोसायटी और हिंडन से राजनगर एक्सटेंशन जाने वाली रोड पर सुरक्षा बल मुस्तैद रहा। सोसायटी में मुख्यमंत्री के पहुंचने पर सोसायटी के लोगों ने जय श्रीराम के नारे लगाए। मुख्यमंत्री को देखने के लिए लोग अपने घरों की बालकनी में मौजूद रहे। बहन से मिलने के बाद वह वापस हिंडन एयरपोर्ट पहुंचे और भाजपा पदाधिकारियों और अफसरों से बातचीत कर पीएम की रैली के लिए तैयारियों का जायजा लिया। यहां से वह निजी विमान ने लखनऊ के लिए रवाना हो गए। इस दौरान पुलिस कमिश्नर अजय मिश्र, डीएम राकेश कुमार सिंह, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक व अन्य आला अधिकारी मौजूद रहे। भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री बुलंदशहर से लौटने के बाद बहन के घर हालचाल लेने गए थे। बृहस्पतिवार को जिले से हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पीएम की रैली में जा रहे हैं।