काली कमाई से कुबेर बने यादव सिंह की पत्नी कुसुमलता समेत फरार चल रहे छह आरोपियों के 82 नोटिस कोर्ट के बाहर चस्पा कर दिए गए। सीबीआई अफसरों का कहना है कि अब आरोपियों के घर पर भी उक्त नोटिस की कापी चस्पा की जाएगी।
सीबीआई के वरिष्ठ लोक अभियोजक बीके सिंह के अनुसार यादव सिंह प्रकरण में सीबीआई अभी तक पांच आरोपियों को जेल भेज चुकी है। इनमें यादव सिंह के साथ ही रामेंद्र सिंह, जेपी सिंह, विनोद गोयल और देवीराम आर्य शामिल हैं।
उक्त पांचों आरोपी फिलहाल डासना जेल में हैं। इसी मामले के 6 फरार चल रहे आरोपियों में कुसुमलता, राजीव कुमार, पंकज जैन, ओमपाल, आरडी शर्मा और प्रदीप गर्ग शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ कोर्ट ने 30 जुलाई को गैर जमानती वारंट जारी किए थे।
इसी माह 6 सितंबर को विशेष न्यायाधीश पवन कुमार तिवारी ने सभी आरोपियों के खिलाफ 82 की कार्रवाई किए जाने के आदेश दिए थे। इसी के चलते शुक्रवार को कोर्ट के बाहर नोटिस बोर्ड पर फरार चल रहे सभी आरोपियों के नोटिस चस्पा कर दिए गए। नोटिस में सभी आरोपियों को 13 अक्तूबर सुबह साढे़ दस बजे तक पेश होने का आदेश जारी किया है।