गाजियाबाद। लिफ्ट से ब्लॉक (सीमेंट की ईंट) उतारते समय मजदूर की गर्दन पर एंगल गिर जाने से उसकी मौत हो गई। मजदूर का नाम सोनूदास था। वह बिहार के वैशाली के बहनगवां का रहने वाला था। घटना नंदग्राम थाने के सिकरोड़ गांव में निर्माणाधीन 10 मंजिला बिल्डिंग में शुक्रवार करीब दो बजे की है। मामले में पुलिस ने लिफ्ट संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की।
गांव में हितैषी हाइट्स के नाम से सोसायटी का निर्माण कार्य चल रहा है। सोनूदास यहां मजदूरी का काम करते। वह यहां परिवार के साथ रह रहे थे। इन दिनों उनका परिवार गांव गया हुआ है। यहां काम कर रहे गिरीश ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे लंच हुआ था। लंच के बाद करीब दो बजे मजदूर वापस काम पर लग गए। सोनू पहली मंजिल पर सर्विस लिफ्ट पर रखे ब्लॉक को उतार रहा था तभी अचानक लिफ्ट ऊपर से नीचे खिसक गई और सोनूदास की गर्दन लिफ्ट के एंगल में फंसकर कट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और लोगों से पूछताछ की। घटना के संबंध में एसीपी नंदग्राम रवि कुमार सिंह का कहना है तहरीर के आधार पर सचिन, पवन व लिफ्ट चलाने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई।