गाजियाबाद। एलिवेटेड रोड पर इंदिरापुरम और वसुंधरा की तरफ बनने वाली स्लिप रोड का काम शुरू हो गया है। कार्य की शुरुआत के साथ ही गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने सिंचाई विभाग से एनओसी लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इस संबंध में शुक्रवार को सिंचाई विभाग के अधिकारियों से वार्ता की गई। प्राधिकरण इस स्लिप रोड के निर्माण पर 80.37 करोड़ रुपये खर्च करेगा। कार्य में लगे कर्मचारियों के रहने के लिए स्थान और अस्थायी दफ्तर भी तैयार कर दिए गए हैं। इससे पहले अधिकारियों ने कार्यस्थल का निरीक्षण किया था।
जीडीए के सचिव विवेक मिश्र ने बताया कि कार्य शुरू कर दिया गया है। कुछ औपचारिकताएं बाकी हैं, जिन्हें जल्द पूरा कर लिया जाएगा। स्लिप रोड के निर्माण में तीन पिलर नहर के ऊपर बनाए जाने हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह क्षेत्र सिंचाई विभाग के अधीन आता है, इसलिए पिलर निर्माण से पहले विभाग की एनओसी लेना जरूरी है। हालांकि, अन्य कार्यों को लेकर सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं।
इससे पहले एलिवेटेड रोड के भी कई पिलर नहर के रास्ते में बनाए जा चुके हैं। योजना के तहत एक रैंप दिल्ली से वसुंधरा और दूसरा इंदिरापुरम में कनावनी मंदिर के पास बनाया जाएगा। कनावनी के पास बनने वाले स्लिप रोड के पिलर सिंचाई विभाग के क्षेत्र में आ रहे हैं।
जाम से मिलेगी राहत
स्लिप रोड बनने से एलिवेटेड रोड के जरिये दिल्ली जाना आसान होगा। अधिकारियों का दावा है कि इससे लोगों के आने-जाने में करीब 30 मिनट का समय बचेगा। अभी गाजियाबाद से दिल्ली पहुंचने में करीब एक घंटा लगता है। वाहनों की संख्या बढ़ने के बाद जाम की स्थिति न बने, इसके लिए रोटरी, कैरिजवे, जंक्शन लेग और आइलैंड भी तैयार किए जाएंगे। इसके साथ ही एक सर्विस रोड भी बनाई जाएगी, जिससे स्थानीय यातायात प्रभावित न हो। सिद्धार्थ विहार से भी एलिवेटेड रोड को जोड़ा जाना है। इसके लिए शासन से 200 करोड़ रुपये मंजूर हो चुके हैं।