साहिबाबाद। शालीमार गार्डन स्थित विक्रम एन्क्लेव में पिछले तीन दिनों से दिन रात में करीब 12 से 15 घंटे की बिजली कटौती हो रही है, जिससे लोग परेशान हैं। बार-बार बिजली कटने और वोल्टेज में उतार-चढ़ाव के कारण लोगों को बिजली उपकरण फुंकने का डर भी बना हुआ है। शनिवार रात इसी मुद्दे को लेकर विक्रम एन्क्लेव की बड़ी संख्या में महिलाओं ने एकत्र होकर बिजली घर का घेराव किया और जेई एसडीओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
स्थानीय निवासी रवि भाटी ने बताया कि तीन दिन से बड़े बुजुर्ग और बच्चे गर्मी में सो नहीं पा रहे। फ्रीज, कूलर, ऐसी घर होने के बाद इस्तेमाल नहीं हो रहे। अधिकारियों को बार-बार शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही। अगर जल्द से जल्द व्यवस्था सही नहीं हुई, तो आंदोलन तेज कर दिया जाएगा। जोन दो के मुख्य अभियंता बृजेश कुमार ने बताया कि आंधी बारिश की वजह से कुछ जगहों पर लाइन में फॉल्ट होने की वजह से आपूर्ति बाधित हुई थी। टीम सभी जगहों पर आपूर्ति सामान्य करने में जुटी हुई है। जल्द आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।