स्टार रामेश्वरम सोसायटी में डंडे लेकर वॉक करती महिलाएं। संवाद
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित स्टार रामेश्वरम सोसायटी में लावारिस कुत्तों के आतंक के डर से महिलाएं हाथ में डंडा लेकर मॉर्निंग वॉक पर निकल रही हैं। बच्चों को स्कूल ले जाने के लिए भी वह डंडा लेकर चल रही हैं। एओए ने मंगलवार को निगम को पत्र लिखकर कुत्ते पकड़ने की मांग की है।
स्टार रामेश्वर में इस समय 10 लावारिस कुत्ते हैं। इनमें से दो, तीन कुत्ते आक्रामक हो गए हैं और आए दिन किसी न किसी को काट रहे हैं। इसके कारण लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। बच्चे खेल नहीं पा रहे हैं। बुजुर्ग टहलने के लिए नहींं निकल पा रहे हैं और महिलाएं हर काम के लिए जब भी बाहर निकल रही हैं तो हाथ में डंडा लेकर चल रही हैं। एओए अध्यक्ष चित्रा चौधरी ने बताया कि सुबह टहलने वाली महिलाएं डंडा लेकर निकल रही हैं। चिकीं ने बताया कि बच्चों को स्कूल से लाने और छोड़ने के समय भी लोग डंडा लेकर चल रहे हैं। कुत्तों का आतंक बहुत बढ़ गया है।
कुत्तों को सुरक्षित स्थान पर भेजने की मांग
उपाध्यक्ष ललित ने बताया कि हमने निगम को पत्र लिखकर सभी लावारिस कुत्तों को सुरक्षित स्थान पर छोड़ने या आश्रय स्थल में रखने की मांग की है। इसके साथ ही सोसायटी परिसर के अंदर कुत्तों को खाना खिलाने पर तत्काल पाबंदी लगाई जाए। भविष्य में किसी को कुत्ते न काटें, इसके लिए निगम की टीम नियमित निगरानी करे।