मोदीनगर। नगर के गांव सीकरी खुर्द में घर के बाहर कूड़ा डालने का विरोध करने पर आरोपियों ने महिला गीता की बेरहमी से पिटाई कर दी जिससे गीता के हाथ की हड्डी टूट गई। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव सीकरी खुर्द की रहने वाली गीता के अनुसार बीती 29 सितंबर को सफाईकर्मी ने आसपास की दो नालियों से कूड़ा निकालकर उनके घर के सामने डाल दिया। गीता ने कूड़ा डालने का कारण पूछा तो सफाईकर्मी ने पड़ोसी के कहने पर कूड़ा उनके घर के बाहर निकालने की बात कही। उन्होंने पड़ोसियों से घर के बाहर कूड़ा डालने का विरोध जताया। गुस्साए आरोपियों ने गीता की बेरहमी से पिटाई कर दी जिससे गीता के हाथ की हड्डी टूट गई। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि तहरीर के अनुसार झब्बर, पप्पू और अनुज निवासी गांव सीकरी खुर्द के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।