इंदिरापुरम। वसुंधरा निवासी किशन कुमार ने पत्नी टीना समेत चार लोगों के खिलाफ पांच मई को प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि आपसी कहासुनी के बाद पत्नी उनके घर का पूरा सामान ट्रक में भरकर ले गई। इसमें पत्नी के रिश्तेदार प्रकाश, संगीता और ऐश ने उसकी मदद की। उन्होंने पुलिस से पत्नी पर कार्रवाई करते हुए सामान वापस कराने की मांग की है।
दर्ज मामले में किशन ने बताया कि वह चालक है और उन्नाव के सफीपुर टोला निवासी टीना से 14 वर्ष पूर्व शादी हुई थी। 19 अप्रैल को पत्नी से उनकी कहासुनी हो हुई तो वह ड्यूटी चले गए। जब वापस आए तो देखा कि घर पूरा खाली था। उनके पड़ोसी ने बताया कि टीना ने मायके पक्ष के लोगों को बुलाया और ट्रक में सामान लादकर ले गए। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करके आरोपियों को नोटिस जारी किया जा रहा है। जल्द ही हिरासत में लेकर कार्रवाई की जाएगी।