लोनी। ट्रोनिका सिटी थानाक्षेत्र में शनिवार सुबह डंपर की चपेट में आने से 28 वर्षीय महिला की मौत हो गई। वह अपने बच्चों को स्कूल से लेने पैदल जा रही थीं। हादसे के बाद डंपर का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।
पंचलोक गांव निवासी अनिल मजदूरी करते हैं। उनकी बड़ी बेटी घर से कुछ दूर स्थित निजी स्कूल में पढ़ती है। उनकी पत्नी मंजू शनिवार सुबह करीब 10:45 बजे बेटी को स्कूल से लेने के लिए जा रही थीं। जब वह अगरोला गेट के पास पहुंचीं तभी बागपत की ओर से आ रहे हरियाणा नंबर के डंपर ने उन्हें रौंद दिया। डंपर के पहिये के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सड़क पर जाम लगाकर विरोध जताया। सूचना पर ट्रोनिका सिटी पुलिस पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। करीब 11 बजे लगा जाम दोपहर 12:24 बजे खुलवाया जा सका। एसीपी रामकिशन ने बताया कि परिजनों से तहरीर लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।