साहिबाबाद। राजेंद्र औद्योगिक क्षेत्र स्थित कुकर की फैक्टरी का छज्जा गिरने से दो महिला समेत पांच लोगों के मलबे में दबने के मामले में घायल एक महिला नीतू की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में परिजनों की तरफ से पुलिस को अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। इस घटना में घायल अन्य को छुट्टी मिल गई थी।
एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि घटना में नीतू की मौत हो गई है। मामले में पुलिस को शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बता दे कि 31 जुलाई की रात राजेंद्रनगर औद्योगिक क्षेत्र में चूना-भट्टी रोड पर राजकुमार शर्मा की कुकर बनाने की फैक्टरी का छज्जा गिर गया था। इसी दौरान यहां से गुजर रहे पांच लोग शहीद प्यारे लाल कॉलोनी निवासी दीपक कुमार, सनोज, राजेंद्र नगर निवासी मुन्नी, शहीद प्यारेलाल कॉलोनी निवासी रंजीत और साहिबाबाद की सरस्वती कॉलोनी निवासी नीतू गंभीर रूप से घायल हो गईं थीं। इन्हें जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर नीतू को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया था। शुक्रवार शाम नीतू ने दम तोड़ दिया। उनके सिर में गहरी चोट आई थी। नीतू के परिवार में पति और 13 व 10 साल की दो बेटियां हैं।