मुरादनगर थानाक्षेत्र के गांव मोरटा में पारिवारिक विवाद के चलते महिला ने बुधवार को तीन बेटियों समेत जहर खा लिया। घटना में महिला की मौत हो गई, जबकि तीनों बेटियों की हालत बिगड़ गई। आननफानन में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
गांव मोरटा निवासी अनीता देवी (40) अपने पुत्र चिंटू (15 ), पुत्री प्रियंका (13), वर्षा (11) और तान्या (9) के साथ रहती थी। करीब छह साल पहले अनीता के पति रविंद्र की मौत हो गई थी, जिसके बाद वह नौकरी करके परिवार का पालन-पोषण कर रही थी। पुलिस के मुताबिक, गत 27 अगस्त को अनीता की अपनी देवरानी से किसी बात पर विवाद हो गया। आरोप है कि अनीता ने देवरानी की उंगली चबाकर उसे लहूलुहान कर दिया था। इस संबंध में देवरानी की तरफ से अनीता के खिलाफ मुरादनगर थाने में केस दर्ज कराया गया था। पुलिस ने पारिवारिक मामला होने के कारण दोनों पक्षों को फैसला लेने के लिए छोड़ दिया।
पुलिस की दबिश होती देख अनीता ने भी कर दी शिकायत
जानकारी के मुताबिक, केस दर्ज होने के बाद मुरादनगर पुलिस ने अनीता की तलाश में दबिश दी तो उसने भी देवर और देवरानी के खिलाफ शिकायत दे दी। उसने देवर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि ग्रामीणों ने पारिवारिक मामला बताते हुए दोनों पक्षों में समझौता कराने की बात कही थी।
माफी मांगने के बावजूद दुत्कारा तो उठाया घातक कदम
बुधवार शाम को उक्त मामले को सुलझाने के लिए परिवार और आसपास के लोगों की पंचायत बुलाई गई। बताया गया कि इस दौरान अनीता ने देवर- देवरानी के अलावा सास से भी माफी मांग ली लेकिन आपत्तिजनक आरोप होने के चलते देवर ने उसे दुत्कार दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, इसी बात से कुंठित होकर अनीता अपने घर पहुंची और खुद के अलावा अपनी तीन बेटियों को भी जहरीला पदार्थ खिला दिया। हालत बिगड़ती देख पड़ोसियों ने अनीता और उसकी बेटियों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां अनीता को मृत घोषित कर दिया।
घटना के दौरान मौजूद नहीं था बेटा
पुलिस के मुताबिक, अनीता के परिवार में तीन बेटियों के अलावा सबसे बड़ा 15 वर्षीय बेटा भी है लेकिन घटना के दौरान वह मौके पर मौजूद नहीं था। वहीं, यह भी बताया गया कि अनीता का पति रविंद्र अपनी मां का सौतेला बेटा था। वह राजमिस्त्री का काम करता था। करीब 6 साल पहले बीमारी के चलते उसकी मौत हो गई थी।
अमृत का अपनी देवरानी से विवाद हुआ था। मामले में देवरानी की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया था। बाद में मृतका ने भी अपने देवर पर गंभीर आरोप लगाए थे। मामले में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद महिला ने संदिग्ध पदार्थ का सेवन कर लिया। महिला की मौत हो चुकी है, जबकि उस की तीनों बेटियों की हालत खतरे से बाहर है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
- नीरज कुमार जादौन, एसपी ग्रामीण