साहिबाबाद। बरेली में तैनात दरोगा की पत्नी ने शालीमार गार्डन थाने में एक महिला पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि महिला ने उनके दरोगा पति को हनी ट्रैप में फंसाकर 3.20 लाख रुपये हड़पे हैं। मामला वर्ष 2024 से 2025 के बीच का है जब दरोगा की तैनाती शालीमार गार्डन थाने में थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर बुधवार को आरोपी महिला को गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश से जेल भेजा है।
दर्ज मामले में पीड़िता ने बताया कि आरोपी महिला ने जून 2024 में उनके पति को हनी ट्रैप में फंसाकर तीन लाख रुपये नकद और 20 हजार रुपये खाते में स्थानांतरित कराए थे। 18 जून 2024 को उनकी सगी जिठानी को कचहरी परिसर में बुलाकर आरोपी महिला ने अपने दो साथियों साथ मिलकर 15 लाख रुपये की और मांग की। रुपये न देने पर परिवार को बर्बाद करने की धमकी दी जाने लगी। पीड़िता ने पुलिस को कॉल रिकॉर्डिंग भी साक्ष्य बतौर सौंपी हैं। आरोप है कि महिला ने पति पर शादी करने का दबाव भी बनाया। 11 जून 2024 से 13 जून 2024 को आरोपी महिला ने धमकी भरे कॉल भी पति को किए हैं। दबाव में लाकर पति के साथ जबरन शादी का पंजीकरण कराया। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की गई थी। शुरुआती जांच के बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में उसने रुपये हड़पने की बात स्वीकार की है। अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।