साहिबाबाद। शालीमार गार्डन एक्सटेंशन में रहने वाली महिला ने पति और ससुराल पक्ष के तीन लोगों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। श्वेता शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 28 नवंबर 2017 को उनकी शादी नोएडा निवासी रजत जोशी से हुई थी। आरोप है कि शादी में मायके से करीब 20 लाख रुपये खर्च किए और सोने-चांदी के आभूषण दिए। शादी के बाद पति के साथ बंगलूरू जाने पर छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद और मारपीट शुरू हो गई। पति अधिक वेतन वाली नौकरी करने का दबाव बनाता था। महिला ने गर्भपात और मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न का भी आरोप लगाया है। 25 जुलाई 2026 की रात बच्चे को गुरुकुल में भर्ती कराने की बात को लेकर पति ने गाली-गलौज और मारपीट की। एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।