उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला फैसलाबाद निवासी महिला को उसके पति ने प्रेमिका से निकाह करने के लिए बिना तलाक दिए घर से निकाल दिया।
विरोध करने पर आरोपी पति और अन्य ससुराल वालों ने पीड़िता पर जानलेवा हमला किया और गला दबाकर हत्या की कोशिश भी की। वहीं अब पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि, अभी किसी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
नगर के मोहल्ला फैसलाबाद निवासी शहनाज ने बीते दिनों एसएसपी को तहरीर देकर बताया कि उनका निकाह साल 2018 में फैसलाबाद निवासी नासिर के साथ हुआ था। शादी के बाद पीड़िता को जानकारी हुई कि उनके पति के जेठ कय्यूम अहमद की साली निवासी दिल्ली के साथ निकाह से पहले ही प्रेम प्रसंग चल रहा है।
इसका पीड़िता ने विरोध करना शुरू कर दिया। लेकिन, आरोपी पति, जेठ और जेठानी पीड़िता के विरोध करने पर उत्पीड़न करने लगे। आरोप है कि गत 25 अप्रैल को पति की प्रेमिका उनके घर आई थी। जिसके बाद पति नासिर ने पीड़िता से कहा कि वह घर से निकल जाए, अब वह प्रेमिका के साथ निकाह कर यहीं रखेगा।