साहिबाबाद। मोहननगर में महिला दुकानदार ने स्थानीय पार्षद और उसके भाई पर गाली-गलौज कर बुरी तरह पीटने का आरोप लगाया है। दंपती ने कोतवाली पहुंचकर साहिबाबाद पुलिस को शिकायत दी। उनका कहना है कि आरोपी ने अन्य लोगों के साथ उन्हें मारने की धमकी दी। पुलिस ने बलवा, छेड़छाड़, लूट समेत अन्य धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहननगर में महिला अपने पति और दो बेटों के साथ रहती हैं। दंपती एक बंद फैक्टरी में चौकीदारी करते हैं। फैक्टरी के बाहर उनकी चाय की दुकान है। आरोप है कि पार्षद सुधीर कुमार दुकान लगाने की एवज में छह हजार रुपये की मांग करता है। रविवार रात पार्षद अपने दो भाइयों के साथ दुकान पर पहुंचा और उनसे सामान लेकर चल दिया। जब उन्होंने रुपये मांगे तो वह आग बबूला हो गया। गाली गलौज कर दुकान हटवाने की धमकी दी। आरोप है कि महिला के विरोध करने पर उन्होंने अभद्रता की और पीटा भी। आरोप है कि पार्षद के भाई ने कान और नाक से सोने के गहने छीनकर तीन हजार रुपये लूट लिए। शिकायत पर पुलिस ने सोमवार रात को पार्षद सुधीर, उसके भाई संदीप और अज्ञात के खिलाफ मारपीट, बलवा, छेड़छाड़, लूट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसीपी साहिबाबाद रजनीश उपाध्याय का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा पार्षद पर मुकदमा दर्ज, थाने पहुंचे भाजपाई :
मोहननगर में महिला दुकानदार और उसके पति के साथ हुई घटना के बाद भाजपा पार्षद सुधीर कुमार समेत अन्य पर लूट, मारपीट, छेड़छाड़, बलवा और अन्य धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस सूचना पर देर रात पार्षद और पदाधिकारी थाने पहुंचे। सभी ने मुकदमा दर्ज करने का विरोध किया। पार्षदों ने एसीपी रजनीश उपाध्याय, थाना प्रभारी अजय चौधरी के सामने नाराजगी जाहिर की। इस दौरान एसीपी और पार्षदों की तीखी नोकझोंक भी हुई। थाने में गुस्साए लोगों के एकत्रित होने की आला अधिकारियों को सूचना दी गई। मामले में पार्टी नेताओं ने पुलिस अधिकारियों से बात की।