राजधानी में 15 अप्रैल से सम विषम लागू हो गया है। दूसरे चरण का यह फॉर्मूला लागू होने के बाद सोमवार को पहला वर्किंग डे होने और ऑटो की हड़ताल के बीच सरकार की तैयारियों की असली परीक्षा आज होगी।
सोमवार को जहां सड़कों पर छुट्टी के बाद स्कूल और ऑफिस खुलने से भीड़ होगी, वहीं ऑटो, काली पीली और ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट टैक्सी यूनियन ने हड़ताल की घोषणा से सरकार चिंतित है।
हड़ताल और पहले वर्किंग डे का असर गाजियाबाद और वैशाली में भी देखने को मिलेगा। ऐसे में कार छोड़ने वालों के लिए मेट्रो, डीटीसी की सीमित बसें और पर्यावरण बस सेवा की 600 बसें ही सेवाएं देने के लिए उपलब्ध हैं।
हालांकि सरकार का दावा है कि वह इस स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। इसके लिए सोमवार को एक दिन के लिए डीएम, एसडीएम की टीम उतारी जाएगी। वहीं हड़ताल के दौरान तोड़फोड़ करने और ऑटो चलाने से रोकने वालों पर खुफिया कैमरे से निगरानी रखी जाएगी।
सरकार हड़ताल को बेअसर कराने की कोशिश में जुटी है। इसलिए उसने भारतीय मजदूर संघ की ऑटो यूनियन को छोड़कर सभी दूसरी यूनियन के साथ बैठक कर ज्यादा से ज्यादा ऑटो को सड़क पर लाने के लिए कहा है। साथ ही सोमवार को परिवहन विभाग की इनफोर्समेंट टीम रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों समेत प्रमुख इलाकों में भी तैनात रहेगी जिससे यात्रियों को दिक्कत न हो।
मेट्रो की भीड़ संभालने को तैनात होगी 28 अतिरिक्त टीम
चढ़ते पारे के कारण सोमवार को मेट्रो में भीड़ बढ़ेगी। इसे नियंत्रित करने के लिए सरकार 28 अतिरिक्त टीमों की तैनात कर रही है। यह टीम अलग-अलग स्टेशनों पर तैनात होगी। इसी के चलते मेट्रो अधिकारियों की भी छुट्टियां रद्द की गई है जिससे यात्रियों को किसी तरह की दिक्कत न हो।
घर से भी जल्दी निकलें
ऑड-ईवन फॉर्मूले की वजह से मेट्रो और बसों में काफी भीड़ रहेगी। इसके लिए घर से थोड़ा जल्दी निकलना समझदारी भरा निर्णय रहेगा। मेट्रो का टिकट खरीदने और मेट्रो में चढ़ने में समय भी लग जाए तो ऑफिस पहुंचने में देर नहीं होगी। वहीं बसों में भी भीड़ रहेगी तो खाली बस के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। ऐसे में घर से जरा जल्दी निकलें।
शटल बस और मेट्रो का प्रयोग करें
गाजियाबाद से कौशांबी तक चलने वाली शटल बस सेवा के अलावा घर से मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने के लिए ऑटो का प्रयोग अच्छा रहेगा। शटल बस सेवा सीधे वैशाली और कौशांबी मेट्रो स्टेशन के सामने उतारेगी। इससे दिल्ली का सफर आसान हो जाएगा।
कार पूल और बाइक पूल का लें सहारा
मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने अथवा ऑफिस तक पहुंचने के लिए कार या बाइक पूल सबसे बेहतर ऑप्शन रहेगा। अगर आप कार से मेट्रो स्टेशन तक जाते हैं तो भी कार पूल कर जाना बेहतर रहेगा। पिछली बार ऑड ईवन फॉर्मूले के दौरान सुबह ही मेट्रो स्टेशन की पार्किंग फुल हो गई थी।
ऐसे में सोमवार को भी पार्किंग मिलनी मुश्किल होगी। कार पूल के लिए नीहो स्कोटिश गार्डन द्वारा तैयार वेबसाइट भी आपके लिए फायदेमंद साबित होगी। वहीं, अपने आसपास रहने वाले या साथियों के साथ बाइक पूल का भी ऑप्शन बेहतर रहेगा।
खुले अतिरिक्त काउंटर, आसानी से मिलेंगे मेट्रो के टिकट
डीएमआरसी के पीआरओ के अनुसार मेट्रो में भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए मेट्रो के फेरे बढ़ाए गए हैं। मेट्रो स्टेशन पर टिकट खरीदने में कोई दिक्कत नहीं हो, इसके लिए कौशांबी और वैशाली मेट्रो स्टेशन पर चार-चार अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले जाएंगे।
भीड़ के दौरान दोनों मेट्रो स्टेशन पर कस्टमर सपोर्ट एग्जिक्यूटिव भी तैनात रहेंगे। जो लोगों की मदद करेंगे। यात्रियों की संख्या अधिक होने पर दो टिकट काउंटरों को महिलाओं के लिए खोल दिया जाएगा। वहीं, गाजियाबाद से दिल्ली तक पहुंचने में लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए रोडवेज ने भी कमर कस ली है।
रोडवेज की शटल बस सेवा यात्रियों तक गाजियाबाद से मेट्रो स्टेशन और दिल्ली बॉर्डर तक पहुंचाएंगे। सुबह आठ बजे से शटल बस सेवा शुरू होगी। हर आधे घंटे में यात्रियों को बस मिलेगी। एआरएम कौशांबी ने बताया कि शटल बस सेवा के तहत चार बसे चलाई जा रही है। यात्रियों की संख्या बढ़ती है, तो इनकी संख्या भी बढ़ाई जाएगी।