पीड़िता आयशा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी करीब 15 वर्ष पूर्व डासना निवासी साजिद के साथ हुई थी, उनके तीन बच्चे हैं, आयशा का आरोप है कि उसका पति साजिद अक्सर शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता है और घर के खर्चे के लिए पैसे मांगने पर गंदी-गंदी गालियां देता।
पीड़िता ने अपनी सास पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह उसे भिखारी घर से आने का ताना देती है और अपने बेटे को उसके खिलाफ भड़काती है। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, कुछ दिन पहले विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने नशे की हालत में आयशा के साथ जमकर मारपीट की और उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया।
आरोप है कि पति ने आयशा को अपने खर्च चलाने के लिए गलत काम करने तक की बात कही। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि महिला थाने से मिली जीरो एफआईआर के आधार पर थाना वेव सिटी में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी साजिद और उसकी मां के खिलाफ प्रताड़ना मारपीट और तीन तलाक संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।