आरोपी रशीद के घर के बाहर खड़े लोग। संवाद
लोनी। ट्रॉनिका सिटी थानाक्षेत्र की बुध बाजार कॉलोनी में सोमवार रात 12:30 बजे अवैध संबंधों के संदेह में राशिद ने अपने दोस्त खुशहाल पार्क कॉलोनी निवासी फहीम (32) और अपनी पत्नी शबनम (36) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के समय राशिद ने दोस्त फहीम को भी अपने घर पर ही बुलाया था। पत्नी से अवैध संबंधों को लेकर राशिद का फहीम से विवाद हो गया। राशिद ने तमंचा निकालकर पहले दोस्त और फिर पत्नी के सिर में गोली मारी और भाग गया। सूचना राशिद के बच्चों ने ही पुलिस को दी। थानाप्रभारी से लेकर डीसीपी ग्रामीण तक सभी अफसर मौके पर पहुंचे। जांच पड़ताल के लिए फोरेंसिक टीम से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फहीम के पिता नईम ने राशिद के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि रात करीब 12ः40 पर पुलिस कंट्रोल रूम से जानकारी हुई कि बुध बाजार कॉलोनी में झगड़े के दौरान महिला समेत दो लोगों को गोली लगी है। सूचना पर पुलिस पहुंची तो पूरी घटना की जानकारी हुई। पूछताछ में पता चला कि राशिद की करीब 20 साल से फहीम से दोस्ती थी। फहीम अविवाहित था। दोनों एक साथ बांस बल्ली का कारोबार करते थे। दोस्ती के कारण एक दूसरे के घर आना जाना था। फहीम और राशिद की पत्नी शबनम के आपस में संबंध बन गए थे और वह दोनों शादी करना चाहते थे। यह जानकारी राशिद के बच्चों ने पुलिस को पूछताछ के दौरान दी। इसी बात की जानकारी राशिद को भी थी और इस बात से वह अपने दोस्त से खफा था। सोमवार रात को राशिद ने फहीम को घर बुलाया था और एक कमरे में बात करने लगा। उसी कमरे में पत्नी शबनम को भी रोक लिया। सभी बच्चों को बाहर भेज दिया। घटना के दौरान राशिद का बड़ा बेटा रिहान अपनी पत्नी के साथ अशोक विहार स्थित ससुराल गया था। तीनों कमरे में बात कर रहे थे और उसी दौरान राशिद व फहीम के बीच विवाद हुआ। राशिद ने तमंचे से फहीम और शबनम के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी मौके से भाग गया। बच्चों ने पहले अपने बड़े भाई रिहान को घटना की जानकारी दी। रिहान ने पुलिस को सूचना दी। डीसीपी ने बताया कि बच्चों ने शबनम और फहीम के बीच संबंधों की बात बताई है और उसी कारण हत्या भी की गई है। गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें दबिश दे रही हैं।