मुरादनगर। करीब तीन साल पहले मुरादनगर से महिला और उसकी पांच वर्षीय बेटी के लापता होने के मामले में अब पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज की है। हरदोई निवासी व्यक्ति का आरोप है कि उसकी गैरमौजूदगी में दो युवक पत्नी और बेटी को ले गए थे। काफी तलाश के बावजूद दोनों का पता नहीं चल सका।
हरदोई के मंझिला थाना क्षेत्र के पलियादेव सलेमपुर निवासी संजीव कुमार ने रिपोर्ट में बताया कि वह पत्नी शिवानी और पांच वर्षीय बेटी के साथ मुरादनगर की गुड़ मंडी स्थित फैक्टरी में रहता था। 23 जून 2023 को सुबह करीब 10 बजे वह घर पर मौजूद नहीं था। इसी दौरान सेहरामऊ दक्षिणी, शाहजहांपुर निवासी विजय व अजय उसकी पत्नी के पास पहुंचे।
आरोप है कि दोनों ने शिवानी को उसके पिता की बीमारी की बात बताई और बेटी समेत उसको साथ ले गए। संजीव ने ससुराल सेहरामऊ दक्षिणी पहुंचकर पत्नी-बेटी के बारे में जानकारी की तो पता चला कि दोनों वहां पहुंचे ही नहीं।
संजीव के मुताबिक, उसने मुरादनगर और सेहरामऊ दक्षिणी थाने में शिकायत की, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी पत्नी-बेटी का पता नहीं चला। इसके बाद वह 10 सितंबर 2026 को मंझिला थाने पहुंचा और कार्रवाई की मांग की। तहरीर में उसने बताया कि पत्नी और बेटी को मुरादनगर से ले जाया गया था। एसीपी सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।