गाजियाबाद। मुरादनगर और लोनी विधानसभा क्षेत्र की दो सड़कों के चौड़ीकरण का रास्ता साफ हो गया है। दोनों सड़कों के चौड़ीकरण की मांग काफी समय से चल रही थी। शासन से सैद्धांतिक स्वीकृति मिलने के बाद अब लोक निर्माण विभाग टेंडर प्रक्रिया को शुरू करने में जुट गया है। इन दोनों सड़कों के चौड़ीकरण पर करीब 36 करोड़ की लागत आएगी।
मुरादनगर में दुहाई से पतला मार्ग काफी दिनों से जर्जर हो चुका है। इसकी चौड़ाई कम होने से वाहन सवारों को दिक्कत हो रही थी। साढ़े नौ किलोमीटर इस रोड की चौड़ाई मौजूदा समय में 3.75 मीटर है। इस रोड के दोनों तरफ 10 गांव से ज्यादा आबाद हैं। रोड का चौड़ीकरण होने से देहात क्षेत्र की कनेक्टिविटी न केवल बेहतर होगी बल्कि जाम की समस्या से लोगों को निजात मिल सकेगी। 50 हजार से ज्यादा आबादी का सफर सुविधाजनक हो जाएगा।
वहीं, लोनी विधानसभा क्षेत्र में बंथला डिकौली मार्ग से बेहटा हाजीपुर जाने वाली 8 किलोमीटर लंबी रोड के चौड़ीकरण को भी मंजूरी मिल गई है। इस रोड के बनने से लोनी से बागपत का सफर सुविधाजनक हो जाएगा। यह रोड भी साढ़े पांच मीटर चौड़ी बनेगी। इस रोड के चौड़ी होने से 15 गांवों के 50 हजार से ज्यादा लोगों को फायदा होगा। इस पर करीब 17 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राम राजा ने बताया कि लोनी की इस सड़क के किनारे बड़ा गांव, नंगला, रटौल समेत कई बड़े गांव हैं। दोनों सड़कों के चौड़ीकरण की शासन से मंजूरी मिलने के बाद अब इसी महीने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। दिवाली तक रोड के चौड़ीकरण का कार्य पूरा करने लक्ष्य रखा गया है।