मसूरी में एनटीपीसी रोड पर बशीर मार्केट के सामने दो पक्षों में होता झगड़ा। स्रोत: वीडियोग्रैब
मसूरी। क्षेत्रांतर्गत एनटीपीसी रोड स्थित गारमेंट्स की दुकान पर पैसों को लेकर दुकानदार व ग्राहकों में विवाद हो गया। ग्राहकों ने दुकानदार से अभद्रता की तो दुकानदारों ने ग्राहकों को सरेआम दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पुलिस मौके पर पहुंची और झगड़ा कर रहे 3-4 युवकों को हिरासत में ले लिया।
मसूरी क्षेत्र के एनटीपीसी रोड पर बशीर मार्केट में कासिम निवासी पिपलैड़ा हापुड़ क्लासिक गारमेंट्स के नाम से दुकान है। मंगलवार दोपहर करीब 12ः30 बजे 6-7 युवक उनकी दुकान पर कपड़े खरीदने पहुंचे, कपड़े खरीदने के समय ग्राहकों व दुकानदार में पैसों को लेकर कहासुनी हो गई। आपस में गाली गलौज के बाद ग्राहकों ने दुकानदार कासिम की पिटाई कर दी। वह घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार एकत्र हो गए और अभद्रता कर रहे ग्राहकों को घेर लिया। दोनों पक्षों में जमकर लात-घूसे और डंडे चले। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से गुफरान व आसिफ पुत्र अनीस अहमद और कादिर निवासी ढोलक वाली मस्जिद के पास पिपलैड़ा धौलाना हापुड़ तथा द्वितीय पक्ष से कासिम, शुएब और आसिफ निवासी पिपलैड़ा धौलाना हापुड़ के अलावा दोनों पक्षों के 10-11 अज्ञात अन्य युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सहायक पुलिस आयुक्त मसूरी लिपी नगायच ने बताया कि सब इंस्पेक्टर उत्तम कुमार की दी गई तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों के 6 नामजद व 10-11 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दोनों पक्षों से गुफरान निवासी ढोलक वाली मस्जिद के पास पिपलैड़ा धौलाना तथा कासिम पुत्र कामिल निवासी ग्राम पिपलैड़ा धौलाना को गिरफ्तार कर जेल व एक नाबालिग किशोर को सुधार गृह में भेजा गया है। बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।