गाजियाबाद। सिहानी गेट क्षेत्र में रामबरात शोभायात्रा के दौरान दो सिपाहियों से एक बाइक सवार ने मारपीट की। आरोप है कि विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार को रोकने पर उसने गाली-गलौज की। इस दौरान हाथापाई करते हुए एक सिपाही की वर्दी भी फाड़ दी गई।
ट्रैफिक पुलिस के कांस्टेबल राहुल कुमार ने सिहानी गेट थाने में मामला दर्ज कराया है। एसीपी सिहानी गेट जियाउद्दीन अहमद ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पांच अक्तूबर की शाम राहुल और साथी बबलू कुमार की ड्यूटी पटेल पुल चढ़ाव पर थी। शाम करीब साढ़े सात बजे एक बाइक सवार विपरीत दिशा से आता दिखा। सिपाही बबलू ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर उसे रोकने का प्रयास किया। लेकिन चालक ने बाइक नहीं रोकी और भागने लगा। बबलू ने पीछा कर उसे कुछ दूरी पर रोक लिया।
आरोप है कि बाइक रुकते ही चालक ने दोनों सिपाही से अभद्रता शुरू कर दी। उसने गाली-गलौज करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली और सिपाही बबलू कुमार की वर्दी फाड़ दी। इसके बाद आरोपी धमकी देकर बाइक लेकर भाग गया। एसीपी जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि शिकायत के आधार पर छह अक्तूबर को मामला दर्ज हुआ है। पुलिस आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की बात कह रही है।