गाजियाबाद। बढ़ते वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सभी विभागों को अलर्ट कर दिया है। निगरानी के लिए स्पेशल टीम गठित कर दी गई है। सुबह पांच बजे से सड़कों पर स्प्रिंकलर से पानी का छिड़काव, निर्माण कार्यों को बंद कराने, खुले में जलने वाले कूड़े, कोयला या भट्ठी को पूर्णत : प्रतिबंधित कराना, पटाखे पूर्ण रूप से प्रतिबंधित करना, एंटी स्मोक गन का इस्तेमाल करना, सड़कों को धूल मुक्त करना व अन्य कार्य विशेष रूप से अभियान के तौर पर चलाने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। ग्रैप के तहत दी गई गाइडलाइन का शत प्रतिशत पालन करने के लिए कहा गया है।
उद्योग बंधुओं से मांगा सहयोग
नगर आयुक्त ने वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए शहरवासियों को जागरूक करते हुए निगम का सहयोग करने की अपील की।उद्योग बंधुओं से निगम की योजनाओं में सहयोग करने के लिए कहा है। उद्यमियों से कहा गया है कि अधिक से अधिक अपने क्षेत्र में पानी का छिड़काव कराएं।