इंदिरापुरम। वैभवखंड स्थित साया गोल्ड एवेन्यू सोसायटी में 10 दिन में सीवर मिला पानी पीने से 1,227 लोग बीमार हो चुके हैं। ऐसे में बिल्डर की एक और लापरवाही सामने आई है। निवासियों के अनुसार डेढ़ साल से सोसायटी के वाटर सप्लाई प्लांट का फिल्टर खराब था। सोसायटी के सभी फ्लैटों में बिना फिल्टर किए ही पानी की आपूर्ति की जा रही थी। डेढ़ साल से लोग गंदा पानी पी रहे थे। सोसायटी में गंदा पानी पीने से जब लोग बीमार हुए तो तीन दिन पहले ही बिल्डर ने वॉटर फिल्टर ठीक कराया है।
साया गोल्ड एवेन्यू सोसायटी में आठ टावर में 1600 फ्लैट हैं। प्रत्येक टावर 39 मंजिल का है, जिसमें 4,500 लोग रहते हैं। लोगों का कहना है कि सोसायटी के बेसमेंट में दो सबमर्सिबल और एक पाइपलाइन से गंगाजल की सीधी आपूर्ति होती है। सबमर्सिबल और गंगाजल को यूजीआर में भरा जाता है। इसके बाद बेसमेंट में लगे वॉटर फिल्टर से पानी को साफ कर फ्लैट में पहुंचाया जा रहा था। सोसायटी निवासी नितेश ने बताया कि डेढ़ साल से वॉटर फिल्टर खराब होने से सोसायटी के सभी फ्लैट में सीधे पानी पहुंच रहा था। 10 दिन से सीवर युक्त गंदा पानी पीकर लोग बीमार हो रहे हैं। मगर अभी तक बिल्डर समस्या का समाधान नहीं कर पाया है।
सोसायटी में लगे हैं दो सबमर्सिबल
सोसायटी में पानी की आपूर्ति के लिए दो सबमर्सिबल पंप और गंगाजल आपूर्ति के लिए एक पाइपलाइन लगी हुई है। लोगों का कहना है कि कई बार सोसायटी में एक सबमर्सिबल पंप खराब होने की वजह से पानी की समस्या होती रहती है। बुधवार को भी सबमर्सिबल पंप खराब होने से लोगों को रोजमर्रा काम करने के लिए पानी नहीं मिल सका। गंगाजल के लिए पाइपलाइन अलग है। सोसायटी में भूजल और गंगाजल दोनों मिलाकर निवासियों को आपूर्ति दी जाती है। जीडीए के सहायक अभियंता पीयूष सिंह ने बताया कि 4,500 की आबादी में चार सबमर्सिबल की जरूरत होती है। जबकि सोसायटी में दो सबमर्सिबल पंप लगा हुआ है।
जीडीए ने बाहर की सीवर लाइन कराया साफ
स्थानीय पार्षद और लोगों की शिकायत के बाद बुधवार को जीडीए की टीम ने सोसायटी के बाहर सीवर लाइन की सफाई कराई। सुपरवाइजर रंजीत झा ने बताया कि साया गोल्ड एवेन्यू सोसायटी से लेकर हैबिटेट सेंटर तक की सीवर लाइन की सफाई कराई गई। जिसमें शॉकर मशीन लगाकर सात सीवर को साफ किया गया है। बृहस्पतिवार को अन्य बचे हुए सीवर को साफ कराया जाएगा।
सोसायटी हैंडओवर के लिए जीडीए भेजेगा पत्र
जीडीए के अधिशासी अभियंता आलोक रंजन ने बताया कि बृहस्पतिवार को बिल्डर को सोसायटी हैंडओवर के लिए पत्र भेजा जाएगा। जिसमें बिल्डर और सोसायटी के निवासियों के साथ आम बैठक बुलाकर एओए बनवाया जाएगा। वहीं, जो काम सोसायटी में नहीं हुए हैं। इसके लिए बिल्डर को काम पूरा कराने के लिए निर्देश दिया जाएगा।