गाजियाबाद। बिजली कटौती के कारण शहर में पानी की समस्या हो रही है। बिजली की बार-बार आवाजाही के कारण पंप खराब हो रहे हैं। सबसे ज्यादा विजयनगर जोन में इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम के महाप्रबंधक जल ने विद्युत वितरण निगम के अधिशासी अभियंता को पत्र लिखकर पानी की आपूर्ति के समय बिजली कटौती रोकने के इंतजाम करने के लिए कहा है।
महाप्रबंधक जल केपी आनंद ने बताया कि विजयनगर क्षेत्र में अत्याधिक बिजली फ्लक्चुएशन हो रही है। इस कारण रोजाना मोटर खराब होने के तीन से चार मामले सामने आ रहे हैं। पंप खराब होने से कुछ जगह पर पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। भीषण गर्मी के बीच पानी की आपूर्ति नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, विजयनगर के सेक्टर-9 के कुछ हिस्से में पंप की खराबी के कारण सोमवार को भी जलापूर्ति बाधित रही। वहीं, कुछ जगह दूषित जलापूर्ति से भी लोग परेशान रहे। वहीं, सुदामापुरी में भी पानी की समस्या से लोग परेशान रहे।