गाजियाबाद। गर्मी के सीजन से पहले नगर निगम लोगों के पीने के लिए शुद्ध पानी का इंतजाम करेगा। कालोनियों में वाटर एटीएम लगाने की प्लानिंग को अब लागू किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है।
बृहस्पतिवार को महापौर अशु वर्मा ने कैंप कार्यालय पर जलकल विभाग के अफसरों की बैठक बुलाकर वाटर एटीएम के लिए स्थान चिह्नित किए। अब शुक्रवार को निगम अधिकारी इन स्थानों का फिजिकल सर्वे करेंगे।
गाजियाबाद का ग्राउंड वाटर प्रदूषित हो चुका है। इसकी वजह से पीने के पानी का संकट बढ़ रहा है। नगर निगम ने शहर भर में पीपीपी मॉडल पर छोटे-छोटे आरओ प्लांट और वाटर एटीएम लगाकर लोगों की प्यास बुझाने की प्लानिंग की है।
इन वाटर एटीएम से महज पांच रुपए में 20 लीटर आरओ फिल्टर्ड पानी मिलेगा। नगर निगम सदन इस पर पहले ही मंजूरी दे चुका है। वाटर एटीएम लगाने वाली फर्म को वर्क आर्डर भी जारी किया जा चुका है। अब निगम अफसरों को इनके लिए जगह चिह्नित करनी है।
निगम महापौर ऐसी कालोनियों को प्राथमिकता देना चाहते हैं, जहां पानी का संकट सबसे ज्यादा है। इनमें सबसे ज्यादा परेशान मोहन नगर जोन की कालोनियों के लोग हैं। बृहस्पतिवार को महापौर ने जलकल विभाग के सभी अवर अभियंता, अधिशासी अभियंता आरके यादव और महाप्रबंधक मंजू रानी गुप्ता के साथ मीटिंग की।
महापौर ने मध्यम और निम्न मध्यम वर्ग की कालोनियों में स्थान चिह्नित कर उनका फिजिकल सर्वे के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को जलकल विभाग के अवर अभियंता सर्वे कर रिपोर्ट जीएम को देंगे। महापौर ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर जगह फाइनल कर वाटर एटीएम लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।