खोड़ा। नगरपालिका में पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़क बारिश के बाद लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। थापर गेट के पास सड़क पर जगह-जगह पानी भरने और गड्ढे होने से वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। रोजाना इसी मार्ग से खोड़ा के करीब दस हजार से अधिक लोग हर दिन नोएडा और दिल्ली स्थित अपने कार्यालयों के लिए आते-जाते हैं।
स्थानीय निवासी पूजा ने बताया कि पाइप लाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत समय से नहीं कराई गई। बारिश होने पर खोदी गई सड़क पर पानी जमा हो जाता है। इससे सड़क पर कीचड़ और फिसलन की स्थिति बन जाती है।
दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी होती है और जरा सी असावधानी में दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
सड़क की खराब स्थिति के कारण सुबह और शाम पीक आवर में जाम की समस्या भी बढ़ जाती है। थापर गेट से होकर बड़ी संख्या में कर्मचारी और अन्य लोग नोएडा व दिल्ली की ओर जाते हैं। ऐसे में सड़क पर गड्ढे और जलभराव होने से यातायात की रफ्तार प्रभावित होती है।
लोगों का कहना है कि सड़क की खोदाई के बाद उसकी मरम्मत में देरी से समस्या लगातार बढ़ रही है। बारिश के बाद स्थिति और खराब हो जाती है। वहीं, राजेश ने बताया कि कई बार नगरपालिका से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने, गड्ढों को भरने और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है लेकिन कोई काम नहीं किया जा रहा है। अगर समय पर सड़क ठीक नहीं हुई तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।
बारिश की वजह से काम करने में देरी हो रही है। सभी वार्डों में पाइप लाइन बिछाने के बाद लाइन की जांच कराकर। सड़कों की मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा।- नवनीत गुप्ता, जेई, नगरपालिका खोड़ा