मोदीनगर। आंबेडकर शिक्षा प्रचार व प्रसार संस्थान की ओर से शनिवार को दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित छतरी वाले मंदिर में बैठक आयोजित की गई। इसमें बस स्टैंड के सामने स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा हटाने या बदलने का प्रयास किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।बैठक की अध्यक्षता देशराज भारती ने की और संचालन ओमप्रकाश व रामगोपाल ने किया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. आंबेडकर स्मारक स्थल पर लगी प्रतिमा पूरी तरह सुरक्षित और सही है। कुछ लोग इसे बदलने का षड्यंत्र रच रहे हैं। प्रतिमा बदलने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि वर्तमान प्रतिमा को बदलने का प्रयास किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। बैठक में वरिष्ठ रालोद नेता राम भरोसे लाल मौर्य, सीताराम, गिरवर सिंह, घनश्याम दास, हरपाल सिंह, महकर सिंह, देवराज सिंह, रमेश शर्मा, मुकेश कुमार और अशोक कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।