विधानसभा चुनाव इस बार जमीन के साथ ही वर्चुअल वर्ल्ड पर भी लड़ा जाएगा। चुनावों में केवली 17 दिन बाकी होने के बावजूद शहर में चुनाव का माहौल नदारद है। कांग्रेस, भाजपा सहित विभिन्न पार्टियों के प्रत्याशी सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर प्रचार में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
पार्टियों के अलावा अंदरखाने प्रत्याशियों ने भी लोकल यूथ और लोगों को जोड़ने और प्रचार के साथ एक ब्रिगेड भी तैयार की है।प्रत्याशियों की सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर प्रचार की इस बिग्रेड में अधिकांश युवा हैं। वर्तमान में फेसबुक , व्हाट्सएप सहित अन्य ग्रुप पर सबसे ज्यादा भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी सक्रिय हैं।
फेसबुक पर भाजपा से गाजियाबाद प्रत्याशी अतुल गर्ग और मुरादनगर प्रत्याशी अजीतपाल त्यागी के अलावा कांग्रेस से साहिबाबाद प्रत्याशी अमरपाल शर्मा से जुड़ी पोस्ट की भरमार है। वहीं, प्रत्याशियों के समर्थकों की ओर से भी चलाए जा रहे प्रचार अभियान के फोटो और वीडियो सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर पोस्ट किए जा रहे हैं।
नामांकन का दौर खत्म होने के बावजूद महानगर में विभिन्न पार्टियों के प्रत्याशियों की सक्रियता न के बराबर है। वर्तमान में पार्टियों की अगर बात करें तो भाजपा की आईटी सेल वर्चुअल वर्ल्ड में सबसे ज्यादा सक्रिय है। पार्टी व प्रत्याशियों की हर गतिविधि और बैठकों की फोटो फौरन फेसबुक व अन्य साइट्स पर देखी जा सकती हैं।
चुनाव प्रचार तेज होने के साथ ही वर्चुअल वर्ल्ड में प्रचार अभियान और तेज होगा। फिर सोशल नेटवर्किंग साइट्स केसरिया, तिरंगा, हरा-लाल और नीले रंग में रंगी नजर आएंगी।