संयुक्त जिला अस्पताल की ओपीडी में लगी मरीजों कि भीड़। संवाद
गाजियाबाद। मौसम में बदलाव के चलते वायरल संक्रमण, उल्टी-दस्त और बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शनिवार को जिले के तीन प्रमुख अस्पतालों एमएमजी, संजयनगर संयुक्त अस्पताल और डूंडाहेड़ा संयुक्त अस्पताल की ओपीडी में कुल 3319 मरीज पहुंचे। इनमें से 602 बच्चे थे। बुखार से बीमार 523 मरीज इलाज कराने पहुंचे थे। इनमें 66 बच्चे शामिल थे।
शनिवार को एमएमजी में इलाज कराने पहुंचे दो लोगों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। न्यू पंचवटी कॉलोनी निवासी राजकुमार की 65 वर्षीय पत्नी रेखा भटनागर को परिजन बेहोशी की हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे थे। रेखा को बुखार के साथ सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। इसके अलावा एक अज्ञात पुरुष को भी बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जिसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर शव को मोर्चरी भेज दिया। दोनों मामलों में मौत की वजह वायरल संक्रमण मानी जा रही है, हालांकि स्पष्ट पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही संभव होगी।
सीएमएस डॉ. राकेश कुमार सिंह ने बताया कि रेखा को अस्पताल लाने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी। ईएमओ ने मृत घोषित कर शव परिजनों को सौंप दिया, जबकि अज्ञात का शव मोर्चरी में भेजा गया है।