एसडीएम द्वारा जल्द कार्रवाई के आश्वास पर टंकी से उतरा ग्राम प्रधान पति
- फोटो : अमर उजाला
ग्राम समाज की जमीन पर अवैध रूप से सड़क बनाने की शिकायत पर कार्रवाई न होने से परेशान ग्राम प्रधान पति मंगलवार दोपहर तहसील स्ठित पानी की टंकी पर चढ़ गया। प्रधान पति के टंकी पर चढ़ते ही मौके पर पुलिस और तहसील का स्टाफ एकत्रित हो गया। एसडीएम द्वारा कार्रवाई के आश्वासन पर प्रधान पति नीचे उतरा।
काजमपुर देवली के ग्राम प्रधान पति सदाकत ने बताया कि उसके गांव में ब्लॉक द्वारा इंटरलॉकिंग टाइल्स की सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि एक सप्ताह पहले उसने एसडीएम को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि सड़क को निर्धारित से अधिक चौड़ी बनाकर ग्राम पंचायत की जमीन पर अवैध कब्जा किया जा रहा है। शिकायत पर लेखपाल ने गलत रिपोर्ट बनाकर एसडीएम को भी भ्रमित करने का आरोप लगाया।
लगातार कई बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने पर मंगलवार को ग्राम प्रधान पति सदाकत ने प्रधान संगठन के अन्य पदाधिकारियों को बुलाया और तहसील परिसर स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध करने लगा। प्रधान पति के टंकी पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही पुलिस और तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। करीब 15 मिनट तक प्रधान पति का मान मनोव्वल चलता रहा। अंत में एसडीएम द्वारा कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद प्रधान पति टंकी से उतरा।
प्रधान पति द्वारा सड़क को निर्धारित से अधिक चौड़ी बनाने का आरोप लगाया है। इसके लिए तहसीलदार की अध्यक्षता में जांच टीम बनाई गई है। बुधवार को टीम मौके पर पहुंचकर अपनी रिपोर्ट देगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- रेनू, एसडीएम सदर