लोनी। सेवाधाम मार्ग से पुलिस ने बृहस्पतिवार रात मुठभेड़ के बाद 50 हजार के इनामी बदमाश टिंकू उर्फ हेमंत को गिरफ्तार कर लिया है। टिंकू विक्रम मावी हत्याकांड में फरार चल रहा था। बदमाश के कब्जे से पुलिस ने तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद किया है। इस हत्याकांड में 6 आरोपी अभी फरार हैं।
एसीपी अंकुर विहार भास्कर वर्मा ने बताया कि विक्रम मावी हत्याकांड में पुलिस अभी तक 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इस हत्याकांड में 6 आरोपी अभी फरार चल रहे है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर इस हत्याकांड में शामिल टिंकू उर्फ हेमंत निवासी राधा विहार कॉलोनी को मुठभेड़ के बाद पाइपलाइन रोड से गिरफ्तार किया है। टिंकू की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने उस पर 50 हजार का इनाम घोषित किया था। बता दे कि रंजिश के चलते विक्रम मावी की उसके भांजे पवन भाटी ने अपने साथियों के साथ मिलकर सेवाधाम मार्ग प्रेमनगर कॉलोनी में हत्या कर दी थी। पवन भाटी को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था।