भीषण गर्मी में बिजली कटौती से लोगों का पारा चढ़ता जा रहा है। अंधाधुंध बिजली कटौती से लोगों को गुस्सा रविवार को फूट गया। कटौती से नाराज लोगों ने विक्रम एन्क्लेव सबस्टेशन पर जमकर हंगामा काटते हुए तोड़फोड़ की।
लोगों ने पावर कारपोरेशन अफसरों के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। हंगामा और तोड़फोड़ को देख कर्मचारी वहां से भाग खड़े हुए। दूसरी ओर न्याय खंड के लोगों ने भी बिजली की समस्या को लेकर अधीक्षण अभियंता के कार्यालय का घेराव किया। अवर अभियंता के समझाने पर लोग शांत हुए।
विक्रम एंक्लेव में सुबह चार बजे बिजली सप्लाई ठप हो गई। काफी देर तक जब बिजली नहीं आई, तो लोगों ने अधिकारियों को फोन किया। अफसरों से जवाब नहीं मिलने पर दोपहर करीब चार बजे काफी संख्या पर लोग एकत्रित होकर पहुंचे।
लोगों ने कर्मचारियों से बिजली गुल होने का कारण पूछा तो वे जवाब नहीं दे सके। इससे नाराज लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। आक्रोशित भीड़ को देख कर्मचारी भाग गए। लोगों ने सबस्टेशन पर रखी कुर्सियां, तख्त और अन्य सामान तोड़ना शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस पहुंचीं, तो लोग भाग खड़े हुए। इसके बाद सब स्टेशन पहुंचे अन्य लोगों ने प्रदर्शन किया।
बाद में लोग जब मोहन नगर स्थित 132केवी सबस्टेशन पहुंचे, तब उन्हें सबस्टेशन को आने वाली दोनों लाइनों में फॉल्ट की जानकारी मिली। अधिकारियों ने जल्द ही बिजली सप्लाई शुरू करने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग लौट आए। शाम करीब सात बजे सप्लाई चालू हुई, तो लोगों ने राहत की सांस ली। इस मौके पर सेवाराम कसाना, निति पंडित, गुरूबख्श सिंह, अजीत सिंह, प्रभु दयाल, लोकेश पंडित, हरित सिंह, आदि मौजूद रहे।
न्याय खंड के लोगों ने भी की नारेबाजी
न्याय खंड-1, 2 और तीन में कई दिनों से हो रही अंधाधुंध कटौती से लोग परेशान हैं। परेशान लोग रविवार को अधीक्षण अभियंता से मिलने पहुंचे। उनके नहीं होने पर लोगों ने नारेबाजी पर आक्रोश जताया। लोगों ने बिजली कर्मचारियों पर उगाही के आरोप भी लगाए।
सलीम सैफी ने बताया कि क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। शनिवार रात को भी चार से पांच घंटे कटौती की गई। सुबह फिर से तीन घंटे की कटौती की गई। बिजली कटौती से गर्मी में लोगों का हाल-बेहाल है।
हंगामे की सूचना पर पहुंचे अवर अभियंता ने लोगों को दिक्कतें सुनकर जल्द समाधान का आश्वासन दिया। लोगों ने समस्या का समाधान नहीं होने पर लोगों नेे धरने की चेतावनी दी। इस मौके पर ललित पांथरी, मोहन लाल धस्माना, नरेंद्र सिंह ध्यानी, नारायण सिंह, सूबेदार कमल सिंह, चोखे सिंह मोर्या, तपस मलिक आदि रहे।
अन्य कालोनियों में भी बिजली कटौती से लोग रहे परेशान
मोहन नगर से आ रही बिजली की लाइन में फॉल्ट से सुबह चार से शाम सात बजे तक लोगों को बिजली की समस्या से जूझना पड़ा। वसुंधरा सेक्टर-19 सबस्टेशन में फॉल्ट की वजह से सेक्टर-13, 15, 17 और 19 के लोगों को सुबह पौने नौ से पौने 12 बजे तक बिजली कटौती की समस्या से जूझना पड़ा।
वैशाली सेक्टर तीन में ओवरलोडिंग की वजह से दिन में दो से तीन बार कटौती की गई। भीषण गर्मी में चार से पांच घंटे की कटौती ने परेशान कर दिया। शालीमार गार्डन में भी ओवरलोडिंग की वजह से दिनभर बिजली की आंख मिचौली से लोग परेशान रहे।