खोड़ा। नगरपालिका परिषद के वाहनों से डीजल चोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कई वीडियो में नगर पालिका के वाहनों में डीजल से भरी कैन रखी दिखाई गई हैं, जिसे स्कूटी सवार युवकों ने सार्वजनिक रूप से उजागर किया।
सोमवार को सामने आए इन वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता कि युवकों ने नगर पालिका के वाहनों को रोककर उनमें रखी डीजल की कैन दिखाई। एक वीडियो में एक कर्मचारी वाहन को मौके से भगा लेता है लेकिन डीजल से भरी कैन वहीं छोड़ देता है। अन्य वीडियो में चालक की सीट के पास और पीछे ट्रॉली में डीजल की कैनें देखी गईं हैं। युवकों ने दावा किया कि दोनों कैनों में लगभग 100 लीटर डीजल है। वीडियो पर 24 जून की तारीख लिखी है। वहीं, नगर पालिका के अधिशासी अभियंता अभिषेक कुमार ने बताया कि वीडियो में गाड़ी तो नगर पालिका की ही दिख रही है लेकिन इन वीडियो के बारे में पूर्व में कोई सूचना नहीं थी। अब मामले जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।