गाजियाबाद। न्यू पंचवटी कॉलोनी में विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता हिमांशु झा पर 20-25 लोगों ने रॉड और धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि दूसरे संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने हमला किया। मामले में उन्होंने गौरव शिशौदिया, सौरभ शिशौदिया, कनिष्क, ऋतिक, अजगर समेत 20 अज्ञात के खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
कोटगांव निवासी हिमांशु झा का कहना है कि वह विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के कार्यकर्ता हैं और न्यू पंचवटी कॉलोनी में दुकान हैं। 21 अक्तूबर की दोपहर करीब दो बजे 20-25 युवक दुकान के पास खड़े होकर तेज आवाज में बात कर रहे थे। दो पक्षों का झगड़ा समझकर वह मौके पर चले गए। जैसे ही वह मौके पर पहुंचे तो युवकों ने रॉड और धारदार हथियार से उनपर हमला कर दिया। गौरव व सौरभ ने उन पर आरोप लगाया कि वह विश्व हिंदू परिषद को सूचनाएं देता है। एबीईएस कॉलेज में जय श्रीराम कहने पर छात्र को मंच से उतारने की सूचना भी विश्व हिंदू परिषद को देने का आरोप लगाया। एसीपी कोतवाली निमिष पाटिल का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।