गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र निवासी एक युवती के अश्लील फोटो बनाकर वायरल करने का मामला सामने आया है। युवती का कहना है कि उन्होंने कोई लोन नहीं लिया, लेकिन आरोपी कॉल करके उनपर ऋण जमा करने का दबाव बनाकर रुपये की मांग कर रहे हैं। नहीं देने पर उनकी फोटो अश्लील बनाकर वायरल कर दी।
युवती का कहना है कि वह नोएडा सेक्टर-63 के कॉल सेंटर में नौकरी करती हैं। 17 सितंबर को उनके पास एक कॉल आई। कॉलर ने अपना नाम अभिषेक बताया और लोन के साढ़े तीन हजार रुपये वापस करने को कहा। उन्होंने कोई लोन नहीं लेने की बात कही तो कॉलर ने उनके साथ गाली-गलौज कर अभद्रता की। इसके बाद शातिर ने उनके फोटो अश्लील बनाकर वायरल कर दिए। परेशान होकर युवती ने पुलिस आयुक्त से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। एसीपी वेव सिटी सलोनी अग्रवाल का कहना है कि मामले में आरोपियों की तलाश की जा रही है।