कौशांबी (गाजियाबाद)। थाना पुलिस ने 18 जनवरी की रात दो पहिया वाहनों की चोरी करने वाले एक शातिर को चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी भोवापुर का रहने वाला मोहम्मद सरवर उर्फ इबरान है। उसके पास से पुलिस ने चोरी की दो बाइक बरामद की हैं। दोनों बाइक दिल्ली से चुराई गई थीं।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार देर रात पुलिस चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान रोके गए बाइक सवार से दस्तावेज मांगने पर वह नहीं दिखा पाया। पूछताछ में सामने आया कि बाइक दिल्ली से चोरी की गई थी। इसके बाद आरोपी मोहम्मद सरवर पुलिस को भोवापुर स्थित पुरानी इमारत में लेकर पहुंचा जहां उसने दिल्ली से ही चुराई दूसरी बाइक छिपाकर रखी थी। पुलिस ने दोनों बाइक बरामद की। एसीपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में चोरी के 13 मामले दर्ज हैं।