आज 49 केंद्रों पर होगा टीकाकरण
गाजियाबाद। पहले चरण के छह हजार स्वास्थ्यकर्मियों को 49 केंद्रों पर टीका लगाया जाएगा। कोरोना टीकाकरण के पहला चरण जिले में 16 जनवरी से शुरू हो गया था, जिसमें चार राउंड टीकाकरण हो चुका है। पहले चरण के लिए दो दिन शेष रह गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से पहले चरण के लिए 21,003 स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण होना तय हुआ था। अभी तक 11,815 ने ही कोरोना का टीका लगवाया। बृहस्पतिवार को आयोजित टीकाकरण में शेष स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया जाएगा। इसके लिए अलग-अलग केंद्रों पर निर्देश दिए गए हैं, जिन केंद्रों पर पहले स्वास्थ्यकर्मी टीका लगवाने नहीं पहुंचे थे। वह अब टीका लगवा सकेंगे। सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि जिले के सभी केंद्रों पर टीकाकरण की पूरी तैयारी की जा रही है। इन दो दिनों में अधिक से अधिक लाभार्थियों को टीका लगवाने की तैयारी की जा चुकी है।