गाजियाबाद। 45 लाख की लग्जरी कार से हाईवे किनारे खड़े ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली में से बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का विजयनगर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार है और उनके पास से 25 बैटरी, कार समेत औजार, हथियार और 1500 रुपये बरामद किए हैं। एसीपी नगर सुजीत राय ने बताया कि विजयनगर क्षेत्र में हाइवे पर सड़क किनारे खड़े ट्रकों में से बैटरी चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर मामले की जांच कर गिरोह को ट्रेस कर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपी विजयनगर निवासी राजू और वसुंधरा सेक्टर-2ए निवासी अनुज हैं। राजू गैंग का सरगना है। राजू पांच सालों से बैटरी चोरी का काम कर रहा है। उसके गैंग में अन्य लोग भी शामिल हैं। पूछताछ के आधार पर उनकी भी तलाश की जा रही है। पूछताछ में पता चला ये सड़क किनारे खड़े ट्रकों की पहले रेकी करते थे, जिस ट्रक का चालक गहरी नींद में होता था, उसकी बैटरी चोरी कर लेते थे। आरोपी बैटरी खोलने में माहिर हैं। चोरी की गई बैटरियों को आरोपी दिल्ली और हरियाणा के कबाड़ियों किलोग्राम के दामों पर को बेच देते थे। ये करीब 1000 बैटरी चोरी कर चुके हैं। एसीपी ने बताया कि आरोपियों के पास से होंडा कंपनी की अकॉर्ड कार बरामद हुई है। आरोपी वारदात के लिए इसी कार का इस्तेमाल करते थे। एसीपी का कहना है कि बरामद कार की जांच की जाएगी।
कई बार जेल जा चुके हैं आरोपी
एसीपी ने बताया कि राजू पूर्व में कई बार विजयनगर और साहिबाबाद थाने से जेल जा चुका है। राजू के खिलाफ विजयनगर और साहिबाबाद थाने में चोरी, आर्म्स एक्ट और धोखाधड़ी के कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा अनुज पर चोरी और आर्म्स एक्ट के तीन मामले विजयनगर थाने में दर्ज हैं। अनुज पूर्व में मथुरा से जेल जा चुका है। दोनों की मुलाकात जेल में हुई थी।