साहिबाबाद। लिंकरोड पुलिस ने सुनसान रोड पर लोगों से फोन और बैग झपटने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। दोनों दिन में मंडी के अंदर पल्लेदारी और रात में सड़क पर झपटमारी करते थे। पुलिस ने दोनों के कब्जे से लूट का फोन बेचकर बचे 2650 रुपये व बिना नंबर की बाइक बरामद की है। पुलिस पूछताछ में दोनों ने साहिबाबाद रैपिडएक्स स्टेशन के पास युवतियों से बैग झपटने की घटना कबूली है।
एसीपी साहिबाबाद रजनीश उपाध्याय ने बताया कि लिंकरोड टीम ने सूरज सोनी पुत्र नन्दलाल निवासी कड़कड़ मॉडल और मोहित पुत्र मोती निवासी झंडापुर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे नशा करने के लिए राह चलते लोगों से फोन और अन्य सामान झपट लेते हैं। घटना से पहले दोनों अन्य लोगों से मदद के बहाने उनकी बाइक ले लेते थे। फिर कुछ देर बाद घटना करके बाइक लौटा देते थे। दोनों दिन में मंडी और अन्य बाजार में सामान ढोने की पल्लेदारी करते थे। फिर शाम को विभिन्न तरह का नशा करके घटनाएं करते थे। रात में घटना करने के बाद सुबह पुलिस से बचने के लिए कुछ दिन तक इलाके को छोड़ देते थे। एसीपी के मुताबिक, मोहित पर लिंकरोड थाने में एनडीपीएस एक्ट के तीन, चोरी के दो, लूट का एक, आबकारी एक्ट के तीन और एक मुकदमा गुंडा एक्ट का है जबकि सूरज पर लिंकरोड थाने में चोरी के चार, गैंगस्टर एक्ट का एक, शस्त्र अधिनियम एक और इंदिरापुरम कोतवाली में चोरी का एक मुकदमा दर्ज है।
-