गाजियाबाद। गोविंदपुरम स्थित गौर होम्स में चुनाव की बैठक करने आईं चुनाव अधिकारी को क्लब हाउस न खुलने पर गेट पर बनी हट में बैठक करनी पड़ी। आरोप है कि एओए ने क्लब हाउस का दरवाजा नहीं खोला और वहां बाउंसर तैनात कर दिए। नाराज लोगों ने पुलिस बुला ली। जिसके बाद बैठक कराई गई। इस दौरान लोगों ने एओए के खिलाफ हंगामा किया।
इस संबंध में निवासी वीपी शर्मा का कहना है कि यहां पिछले आठ सालों से एओए ने कब्जा कर रखा है। वह चुनाव नहीं होने दे रहे हैं। हाल ही में उनकी चुनाव संबंधी रिट भी अदालत ने खारिज कर दी। अब चुनावी प्रक्रिया चल रही है। डिप्टी रजिस्ट्रार ने जिला मत्स्य अधिकारी रिचा चौधरी को चुनाव अधिकारी बनाया है। पहली बैठक में भी चुनाव प्रक्रिया बाधित करने का आरोप लगाकर एओए पर सीट आदि उपलब्ध न कराने के आरोप लगाए गए थे और अब दूसरी चुनावी बैठक में क्लब हाउस नहीं खोलने से लोगों में रोष नजर आया। निवासी परवेज आलम ने कहा कि एओए अध्यक्ष चुनाव प्रक्रिया बाधित करना चाहते हैं। हम ऐसा नहीं होने देंगे। इस मौके पर 200 से अधिक निवासी मौजूद रहे। इस संबंध में डिप्टी रजिस्ट्रार वैभव कुमार का कहना है कि मुझे हाउस क्लब नहीं खोलने की जानकारी नहीं मिली है। किसी ने चुनाव प्रक्रिया बाधित करने का प्रयास किया तो एफआईआर कराई जाएगी।
एओए अध्यक्ष मुकेश पाल सिंह का कहना है कि पहली बैठक में हमने कुर्सी आदि की व्यवस्था की थी। सारे आरोप झूठे हैं। इस बार हमें किसी बैठक की सूचना नहीं दी गई। अध्यक्ष होने के नाते मुझे चुनाव अधिकारी को लिखित में सूचना देनी चाहिए लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इस कारण क्लब हाउस नहीं खोला गया। कुछ लोग अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं और अपनी मर्जी अनुसार बैठक बुला रहे हैं।
गौर होम्स के सी टावर की फंसी लिफ्ट, लोग हुए परेशान
गाजियाबाद।
गोविंदपुरम स्थित गौर होम्स सोसायटी में टी टॉवर की लिफ्ट शुक्रवार शाम को एक बार फिर बंद हो गई। जिससे महिलाओं और बुजुर्गों को काफी परेशान होना पड़ा। इस टावर की एक लिफ्ट पहले से ही बंद है और दूसरी शाम को बंद हो गई। जिस कारण ऊपर जाने वाले लोगों को काफी परेशान होना पड़ा। निवासी वीपी शर्मा ने बताया कि यहां आए दिन लिफ्ट बंद होने से लोग परेशान हैं। एओए अध्यक्ष मुकेश पाल सिंह का कहना है कि लिफ्टों की मरम्मत कराई जा रही है। ब्यूरो