गाजियाबाद। महिला अस्पताल में भर्ती महिला की प्रसव के बाद जीटीबी अस्पताल ले जाते समय बुधवार को मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। उन्होंने अस्पताल के स्टाफ पर प्रसव के लिए रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी और सीएमओ सहित पुलिस से भी शिकायत की है।
पंचवटी के सूर्या एंक्लेव में रहने वाले पिंटू ने बताया कि उसके भाई संत की पत्नी प्रीति (24) को प्रसव पीड़ा होने पर मंगलवार को महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रात लगभग साढ़े नौ बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रात में डिलीवरी के लिए स्टाफ ने पांच हजार रुपये की मांग की। उनके पास तीन हजार रुपये थे उन्होंने तीन हजार रुपये देकर बाकी दो हजार सुबह देने का वादा किया था। पिंटू ने बताया कि सुबह तीन बजे डिलीवरी हुई उसके बाद से उसकी तबीयत काफी खराब हो गई।
डिलीवरी के बाद रक्तस्राव बंद नहीं हो रहा था जिसके बारे में प्रीति ने स्टाफ को बताया। वार्ड में शिफ्ट करने के बाद हालत और खराब हो गई तब उसको खून चढ़ाया गया। हालत में सुधार ना होने पर उसको दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां रास्ते में ही वह बेहोश हो गई और अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। मामले में महिला अस्पताल की सीएमएस का कहना है कि अधिक रक्तस्राव की वजह से जटिलता आई थी जिसके बाद मरीज को जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया था।