गाजियाबाद। सुविधाएं बंद करने पर हम-तुम रोड स्थित महक जीवन सोसायटी में मंगलवार को लोगों ने हंगामा किया। बिल्डर-सुविधा एजेंसी पर परेशान करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की।
अपार्टमेंट ऑनर एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन तोमर का कहना है कि यहां एक निजी कंपनी सुविधाएं दे रही है। कंपनी ने 28 लाख रुपये मरम्मत शुल्क बकाया होने की बात कह नौ अप्रैल को नोटिस भेजा कि 15 अप्रैल से सभी सुविधाएं बंद कर दी जाएंगी, लेकिन यह सुविधाएं नौ अप्रैल से ही बंद कर दीं।
सोसायटी में झाडृ लग रहा है न पोंछा। 24 घंटे 16 गार्ड तैनात रहते थे, उनकी संख्या अब र छह कर दी गई है। हमने तीन महीने का नोटिस देकर सोसायटी में लीकेज, टूट-फूट की मरम्मत सहित सभी कार्य पूरे कराने के बाद हैंडओवर लेने के लिए कहा है। लेकिन बिल्डर बिना काम कराए हैंडओवर देना चाह रहा है। सोसायटी के 140 फ्लैट के मालिक दो साल का मरम्मत शुल्क जमा कर चुके हैं। 70 लोगों का इस महीने का बकाया है। 100 लोगों का दो महीने का बकाया है। केवल 10 से 12 लोगों का शुल्क अधिक है। बिल्डर के पास हमारे 75 से 80 लाख रुपये आईएफएमएस का फंड पड़ा है। उसमें से राशि ले सकता है। सुविधाएं बंद करने का क्या औचित्य है। बुधवार को चौकी प्रभारी संग बैठक है।
लोगों का कहना है कि यहां एसटीपी प्लांट का पानी पास के खाली प्लॉट में डाला जा रहा है। इससे मक्खी, मच्छर पनप रहे हैं और बदबू से बुरा हाल है। मुख्यमंत्री सहित सभी विभागों को टैग कर लोगों ने सोशल मीडिया पर इसकी शिकायत की है।