सीसीएसयू ने मंगलवार को जारी की गई पांचवीं मेरिट बुधवार को सुबह वापस ले ली। सुबह पांचवीं मेरिट लिस्ट कॉलेज में चस्पा कर दी गई थी। इसके बाद विश्वविद्यालय द्वारा मेरिट वापस लेने का मेल आया।
एसडी डिग्री कॉलेज की प्राचार्य डा. मंजू गोयल ने बताया कि सुबह उन लोगों ने पांचवीं मेरिट कॉलेज में चस्पा कर दी थी। इसके बाद विश्वविद्यालय से मेल आया जिसमें मेरिट लिस्ट संशोधित कर दुबारा से जारी करने की बात कही गई।
मंजू गोयल ने बताया कि अब तो कॉलेज बंद ही हो गया है। दूसरा मेरिट जब भी आएगा वे लोग 2 अगस्त को मेरिट लिस्ट चस्पा कर दाखिला शुरू करेंगे। एमएमएच डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डा. कमलवीर त्यागी ने बताया कि विश्वविद्यालय ने रिक्त पदों पर आरक्षण की श्रेणी में कुछ गड़बड़ी होने की वजह से मेरिट वापस ली गई है। ऐसे में कॉलेजों में कोई दाखिला नहीं हो सका। अब संशोधित मेरिट बृहस्पतिवार सुबह जारी की जाएगी।
बार-बार हो रही अव्यवस्था से बढ़ी परेशानी
सीसीएसयू प्रवेश प्रक्रिया में अव्यवस्थाओं की वजह से कॉलेज प्रशासन और विद्यार्थी दोनों को परेशानी हो रही है। अब तक बीए के दाखिले ही पूरी नहीं हो सके हैं। यह पहली बार नहीं जब मेरिट कैंसल की गई हो। इससे पूर्व भी दो बार मेरिट वापस ली गई और संशोधित कर दुबारा जारी की गई। ऐसे में दाखिल प्रक्रिया का समय लंबा खिंचता जा रहा है।