ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर दुहाई से डासना की तरफ गश्त कर रही राज्य कर विभाग की सचल दल टीम पर एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा 15 अगस्त की रात लगभग 11:30 से 11:40 बजे के बीच मसूरी थाना क्षेत्र में हुआ।
दुर्घटना में राज्य कर अधिकारी समेत पुलिसकर्मी और अन्य लोग घायल हो गए हैं। राज्य कर अधिकारी दिव्यांश मोहन ने बताया कि वे अपनी टीम के साथ सरकारी वाहन से रात की मोबाइल-ड्यूटी पर थे। टीम में उनके साथ चालक रवि प्रकाश शुक्ला, हेड कांस्टेबल धीरेन्द्र कुमार, कांस्टेबल गौरव कुमार और सेवक तुमबन सिंह मौजूद थे।
एक्सप्रेसवे पर दुहाई से डासना की ओर बढ़ते समय बाईं तरफ एक संदिग्ध माल से भरा वाहन खड़ा दिखाई दिया। टीम ने अपने वाहन को थोड़ा आगे रोककर जैसे ही संदिग्ध वाहन की जांच शुरू की, तभी पीछे से आए एक अज्ञात वाहन के चालक ने अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से गाड़ियों में टक्कर मार दी।
इस दर्दनाक हादसे में दिव्यांश मोहन राज्य कर अधिकारी, धीरेन्द्र कुमार हेड कांस्टेबल, गौरव कुमार कांस्टेबल व संदिग्ध वाहन के पास खड़े दो अन्य व्यक्ति भी घायल हो गये। हादसे के तुरन्त बाद अधिकारी दिव्यांश मोहन ने आपातकालीन सेवा यूपी 112 और उच्च अधिकारियों को सूचित किया।
मौके पर मसूरी थाना पुलिस, सचल-दल यूनिट 9 के कर्मचारी और एम्बुलेंस पहुंची। सभी घायलों को तुरन्त पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद अधिकारी दिव्यांश मोहन को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। उन्होंने कोतवाली मसूरी पुलिस को अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
एसीपी मसूरी सुनील कुमार ने बताया कि पीड़ित दिव्यांश मोहन कर अधिकारी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है, सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है, जांच पड़ताल करके वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।