कनावनी गांव के सामने शक्ति खंड-2 स्थित पेट्रोल पंप के पास जमीन धंसने से सड़क के किनारे लगा यूनिपोल गिर गया। हादसे में ठेले पर खाना खा रहे दो बच्चे और ठेली वाला बाल-बाल बच गए। इस दौरान पानी की लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई। करीब तीन घंटे बाद जीडीए ने क्रेन मंगाकर यूनिपोल को हटाया।
पेट्रोल पंप के पास एक प्राइवेट कंपनी का यूनिपोल लगा हुआ है। कुछ दिन पहले यहां पर पावर कारपोरेशन ने अंडरग्राउंड केबल डालने का काम किया था। दो दिन से हो रही बारिश की वजह से बुधवार को यूनिपोल के नीचे की मिट्टी हटने से सड़क धंस गई।
यूनिपोल टेढ़ा होकर गिरा और पास में लगे ठेले पर गिरकर उसी के सहारे अटक गया। ठेले का मालिक मोहन लाल और ठेेले पर छोले-कुलचे खा रहे राहुल और राजू हादसे में बाल-बाल बच गए। यूनीपोल ठेले के सहारे नहीं अटकता तो सीआईएसफ रोड से गुुजर रहे वाहनों पर गिरता और बड़ा हादसा हो सकता था।
सूचना पर मौके पर पहुंचे जीडीए के अवर अभियंता और सुपरवाइजर मौका मुआयना किया। करीब तीन घंटे बाद क्रेन को मंगाकर यूनिपोल को हटाया गया। इस दौरान पानी की लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिसकी मरम्मत कराई जा रही है।
जीडीए के अवर अभियंता सुहेल अहमद फरीदी ने बताया कि जमीन धंसने से यूनिपोल गिरा है, जिस कंपनी का होर्डिंग लगा है, उससे नुकसान की कीमत वसूली जाएगी।