मोदीनगर। भोजपुर के फरीदनगर-पिलखुवा मार्ग पर गांव अतरौली स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के समीप एक बेकाबू कैंटर ने मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोपेड सवार बिजेन्द्र की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक कैंटर लेकर भाग गया। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज की है।
जनपद गौतमबुद्धनगर स्थित चिपयाना बुजुर्ग निवासी जितेन्द्र ने बताया कि उनके पिता बिजेन्द्र सिंह मंगलवार रात मोपेड से फरीदनगर-पिलखुवा मार्ग होते हुए लौट रहे थे। जैसे ही वह गांव अतरौली स्थित राजकीय इंटर कॉलेज समीप पहुंचे तभी एक तेज रफ्तार कैंटर ने किसी वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में मोपेड में टक्कर मार दी। हादसे में बिजेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गए। बिजेन्द्र को उपचार के लिए पिलखुवा स्थित एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। एसीपी अमित सक्सेना ने बताया कि हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।