गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर रेल में सवार टाइट यात्री। संवाद
गाजियाबाद। ऊंचाहार एक्सप्रेस (14218) मंगलवार रात को पावर केबिन के कर्मचारियों की लापरवाही से गलत ट्रैक पर पहुंच गई। इसको प्लेटफार्म नंबर दो पर आना था लेकिन यह मेन लाइन नंबर आठ पर पहुंच गई। इसमें सवार जिन यात्रियों को उतरना था और प्लेटफार्म पर खड़े जिन यात्रियों को इसमें चढ़ना था, उनमें अफरा-तफरी मच गई।
हंगामे की स्थिति के बीच ट्रेन को 40 मिनट बाद सही ट्रैक पर लाकर आगे के लिए रवाना किया गया। इस लापरवाही को लेकर रेलवे अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए हैं।
चंडीगढ़ से प्रयागराज जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस का गाजियाबाद पहुंचने का समय रात्रि 10ः11 बजे है लेकिन यह यहां पर 11ः08 बजे प्लेटफार्म नंबर दो की बजाय मेन लाइन नंबर आठ पर आकर रुक गई। इधर, प्लेटफार्म नंबर दो पर खड़े यात्री भी इधर-उधर भागने लगे। मौके पर आरपीएफ जीआरपी के अधिकारी पहुंचे। उन्होंने यात्रियों को समझाकर शांत कराया। उधर, रेलवे प्रशासन की ओर से इसकी जांच बैठाई गई है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पावर केबिन के कर्मचारियों की लापरवाही की वजह से ट्रेन गलत ट्रैक पर पहुंची है।
इस संबंध में लोको पायलट से भी जवाब तलब किया गया है। इस बारे में नाॅर्दर्न रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि ट्रेन के गलत ट्रैक पर जाने की प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारण पता चलेगा।
गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर रेल में सवार टाइट यात्री। संवाद