गाजियाबाद। एमएमजी अस्पताल में शुक्रवार को अल्ट्रासाउंड मशीन खराब होने से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रोजाना 45-50 अल्ट्रासाउंड जांचें प्रभावित हुईं।
अस्पताल की एकमात्र अल्ट्रासाउंड मशीन काफी पुरानी है, जो शुक्रवार को खराब हो गई। इसके चलते कई मरीजों को बिना जांच कराए ही वापस लौटना पड़ा। इमरजेंसी और भर्ती मरीजों की जांच के लिए बाद में महिला अस्पताल से एक मशीन मंगाई गई। महिला अस्पताल में दो मशीनें उपलब्ध हैं। एमएमजी की रेडियोलॉजिस्ट ने एक मशीन पर जांच की, जबकि दूसरी मशीन गर्भवतियों के लिए उपयोग की गई। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि मशीन ठीक कराने के लिए इंजीनियर बुलाए गए हैं। तब तक महिला अस्पताल में ही जांच की सुविधा जारी रहेगी।